पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस तानिया इस वक्त गहरे सदमे में हैं। उनके पिता डॉ. अनिल जीत सिंह कंबोज पर शुक्रवार (4 जुलाई) दोपहर को उनके ही क्लिनिक में गोली गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना मोगा के कोट इसे खां इलाके स्थित उनके हरबंस नर्सिंग होम में हुई। शनिवार को डॉक्टर को गोली मारने का सीसीटीवी सामने आया है।
इस मामले में पुलिस फिरौती के एंगल पर जांच कर रही है, क्योंकि डॉक्टर और एक्ट्रेस के पिता को पिछले काफी समय से आतंकी लखबीर लांडा के गुर्गों द्वारा परेशान किया जा रहा था। आरोपी उनसे करीब एक करोड़ रुपए की फिरौती मांग रहे थे। घटना के बाद से डॉ. कंबोज को गंभीर हालत में मोगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं, पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर शूटरों की पहचान शुरू कर दी है। सीसीटीवी में नजर आ रहा है कि दो पगड़ीधारी शूटर क्लिनिक की साथ वाली गली में भागते हुए नजर आ रहे हैं।
एक्ट्रेस तानिया ने शेयर की अपनी पहली प्रतिक्रिया
एक्ट्रेस तानिया के सोशल मीडिया हैंडल से शेयर की गई एक पोस्ट में लिखा गया कि “तानिया और उनके परिवार के लिए यह एक अत्यंत कठिन और भावनात्मक समय है। हम मीडिया और सभी से निवेदन करते हैं कि हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें और हमें थोड़ा समय दें। कृपया स्थिति पर अटकलें न लगाएं और अफवाहें न फैलाएं। आपकी समझ और समर्थन के लिए धन्यवाद।”
मरीज बनकर आए और ताबड़तोड़ चलाई गोलियां
मिली जानकारी के अनुसार पंजाब के मोगा में ये वारदात दिनदहाड़े तब हुई, जब क्लिनिक में मरीज और कई अन्य स्टाफ मेंबर मौजूद थे। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस के मुताबिक दो अज्ञात हमलावर बाइक पर आए और मरीज होने का नाटक करते हुए क्लिनिक में दाखिल हुए थे। जिसके बाद आरोपियों ने डॉक्टर कंबोज को गोलियां मार दी और वहां से पैदल ही फरार हो गए।
मोगा के पुलिस के मुताबिक डॉक्टर मरीजों की देखभाल कर ही रहे थे कि दोनों हमलावरों ने नजदीक से उन पर गोलियां चला दीं। डॉ. कंबोज को दो गोलियां लगीं और उनकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। गोली उनकी छाती पर लगी हैं, जिन्हें डॉक्टर द्वारा बाहर निकाल लिया गया है।